Tuesday, March 17, 2026
Homeटॉप न्यूजअंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार होंगे खेल स्थल, छत्तीसगढ़ में पहली बार नेशनल...

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार होंगे खेल स्थल, छत्तीसगढ़ में पहली बार नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी

रायपुर,। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित विभागीय संचालनालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन से जुड़े सभी खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए और समय रहते हर व्यवस्था पुख्ता रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में सचिव ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ठहरने के स्थानों पर पर्याप्त संख्या में स्टॉफ तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों की भाषाई विविधता को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग भाषाओं के जानकार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।इस बड़े आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, कला और पर्यटन स्थलों को भी देशभर के सामने प्रस्तुत करेगा। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को निर्देशित किया गया है कि प्रतिभागियों के लिए विशेष कार्यक्रम और भ्रमण की व्यवस्था की जाए, जिससे वे राज्य की सांस्कृतिक विरासत से रू-ब-रू हो सकें।

नेशनल ट्राइबल गेम्स का आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के तहत रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और तीरंदाजी, जगदलपुर में एथलेटिक्स तथा अंबिकापुर में कुश्ती के मुकाबले आयोजित होंगे। इसके अलावा कबड्डी और मलखंब को डेमो खेल के रूप में शामिल किया गया है।देश में पहली बार हो रहे इस ऐतिहासिक आयोजन में 30 राज्यों के लगभग 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी भाग लेंगे। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने का अवसर भी बनेगा। राज्य सरकार और प्रशासन की तैयारियों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन भव्य और सफल साबित होगा तथा छत्तीसगढ़ को देशभर में नई पहचान दिलाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments