रायपुर। राजधानी रायपुर के सिटी सेंटर मॉल में शनिवार को मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ‘इंडियन गॉट टैलेंट प्रतियोगिता’ दिव्यांग और सामान्य बच्चों की प्रतिभा का शानदार संगम बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष और 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने नृत्य, गायन, संगीत और रैंप वॉक के माध्यम से अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं
आयोजन समिति की अध्यक्षा मेघा तिवारी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उचित मंच देकर उनकी क्षमताओं को समाज के सामने लाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा, अध्यक्षा, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अनूठी पहल है, जहां दिव्यांग और सामान्य बच्चों को समान अवसर देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज में समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश भी देते हैं।

विशिष्ट अतिथि आकाश तिवारी ने कहा कि मंच पर मिलने वाला प्रोत्साहन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक सोच को नई दिशा देता है। यह उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होता है।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ आइडल-2009 एवं ‘वॉइस ऑफ कैलाश खेर’ के रूप में प्रसिद्ध संदीप राव, स्नेहा पांडेय और सीमा छाबड़ा शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ अर्पण पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में इट्सा हॉस्पिटल सिल्वर और सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में शामिल रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन सरिता झा ने किया।