महासमुंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दर्राभांठा स्थित 132 केवी बिजली ऑफिस के पास नाकाबंदी कर एक मारूती वेन से 450 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। शराब की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में बड़ी मात्रा में महुआ शराब लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे 15 प्लास्टिक ड्रमों में महुआ शराब भरी मिली।पकड़े गए आरोपी की पहचान फागुलाल थुरिया (26 वर्ष), निवासी कनकबीरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी शराब को बिक्री के लिए सरायपाली लाने की तैयारी में था।
पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में उपयोग की गई मारूती कार भी जब्त कर ली है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक 7244 लीटर से अधिक शराब जब्त की जा चुकी है और सैकड़ों लोगों पर कार्रवाई की गई है।