Friday, March 6, 2026
Homeअपराधरेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी फाफाडीह में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव...

रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी फाफाडीह में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले में खुलासा

रायपुर में युवक की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के फाफाडीह क्षेत्र स्थित खारुन विहार के पास रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर मामले का खुलासा कर दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मार्च 2026 को प्रातः लगभग 10 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मध्य जोन के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी सहित थाने के पुलिस अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई तथा साक्ष्य संकलन किया गया।जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (लगभग 25 वर्ष), निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक सुबह करीब 8 बजे घर से किसी परिचित युवक के साथ बाहर जाने की बात कहकर निकला था।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के घर के आसपास और घटनास्थल के पास होटल लाइन के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के क्रमबद्ध अवलोकन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19 वर्ष) मृतक राजा साहू के साथ घर से निकला था और घटना स्थल के आसपास भी देखा गया।इसके बाद पुलिस ने तत्काल पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए आरोपी बिट्टू यादव को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक राजा साहू आपस में दोस्त थे और साथ घूमते-फिरते थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी में हुई टूट-फूट के पैसे वह राजा से मांग रहा था, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने से वह नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच सुबह विवाद हो गया और आवेश में आकर आरोपी ने राजा साहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, आरोपी की पतासाजी और साक्ष्य संकलन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। इसी त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments