आरंग | रायपुर।आरंग विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर एक बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन ने क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गोढ़ी–तोड़गांव–बड़गांव मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए ₹21.55 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत इस योजना के तहत 9 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही मार्ग में आवश्यक पुल–पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था को दीर्घकालिक समाधान मिलेगा।इस महत्वपूर्ण स्वीकृति को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की सक्रिय पहल का परिणाम माना जा रहा है। उनके प्रयासों से आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं।सड़क उन्नयन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। इससे किसानों को मंडियों तक पहुंच में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आसान आवागमन मिलेगा और स्थानीय व्यापार एवं रोजगार को भी नई गति मिलने की संभावना है।इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास को प्राथमिकता के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में क्रियान्वित कर रही है। आरंग विधानसभा में लगातार मिल रही स्वीकृतियां इस बात का प्रमाण हैं कि योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं।उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आरंग विधानसभा क्षेत्र को सड़क, अधोसंरचना, सिंचाई और जनसुविधाओं से जुड़ी कई नई सौगातें मिलने वाली हैं।
आरंग की सड़कों को मिली नई रफ्तार, ₹21.55 करोड़ की स्वीकृति से होगा 9 किमी मार्ग का चौड़ीकरण
