बेंगलुरु, फरवरी: कर्नाटक विधानसभा में कथित 6 हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) ने आबकारी मंत्री आर. बी. तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा परिसर में रातभर धरना प्रदर्शन किया।मंगलवार रात से शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में ही डेरा डाल दिया। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने भजन गाए, नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। विपक्ष का आरोप है कि राज्य में शराब से जुड़े बड़े घोटाले की निष्पक्ष जांच के लिए मंत्री का इस्तीफा जरूरी है।भाजपा और जद(एस) नेताओं का कहना है कि जब तक मंत्री पद से नहीं हटते, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग भी की है।वहीं, राज्य सरकार ने आरोपों को राजनीतिक बताया है और कहा है कि किसी भी अनियमितता के प्रमाण मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।विधानसभा परिसर में रातभर चले इस विरोध प्रदर्शन से राज्य की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर टकराव और बढ़ने की संभावना है।
6 हजार करोड़ के कथित शराब घोटाले पर कर्नाटक विधानसभा में हंगामा, विपक्ष ने किया रातभर प्रदर्शन
