DSP कल्पना वर्मा निलंबित, कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत के बाद बढ़ा मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा को राज्य गृह विभाग ने गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 5 फरवरी 2026 को जारी आदेश के जरिए की गई।जांच में वित्तीय लेन-देन, पद के दुरुपयोग और आचरण नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोप सामने आने की बात कही गई है। साथ ही कुछ डिजिटल चैट और दस्तावेजों की जांच में संवेदनशील जानकारी के संभावित लीक होने के संकेत भी मिले हैं।इस पूरे मामले में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ वर्षों में उससे विभिन्न तरीकों से बड़ी रकम और महंगे उपहार लिए गए। शिकायत में नकद लेन-देन, लग्जरी कार, आभूषण और अन्य उपहार देने का दावा किया गया है।जांच टीम ने बैंक लेन-देन, संपत्ति और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की है। कुछ मामलों में कारोबारी से जुड़े आर्थिक निवेश के आरोपों की अलग से जांच की सिफारिश की गई है।विशेष जांच दल ने लगभग एक महीने की जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी है। निलंबन अवधि में डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *