रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी निमोरा में आयोजित लोक सेवा आयोग से चयनित डिप्टी कलेक्टर्स के परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षणार्थियों ने थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के बीच समन्वय तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रायपुर कमिश्नरेट डॉ. अर्चना झा ने प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के मध्य समन्वय, एसडीएम के दायित्व, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की भूमिका तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
थाना भ्रमण के दौरान एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार ने प्रशिक्षणार्थियों को थाना की कार्यप्रणाली, अपराध पंजीयन प्रक्रिया, रोजनामचा संधारण, बेसिक रजिस्टर, सीसीटीएनएस प्रणाली और पुलिसिंग के दैनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शांति व्यवस्था, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं न्यायालयीन प्रक्रियाओं के संबंध में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टर्स राजेश्वर वर्मा, निधि प्रधान, नंदनी साहू, गौरव चंदेल, रमेश दीवान, लवकेश्वर यादव एवं सत्येंद्र कुमार बजाज उपस्थित रहे।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन कराया गया। साथ ही विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कोतवाली न्यायालय का भ्रमण कराते हुए न्यायालयीन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों ने पुलिस एवं राजस्व प्रशासन के समन्वय से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।