Raipur। राजधानी रायपुर के पश्चिमी जोन में शुक्रवार देर रात पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष चेकिंग, पैदल मार्च और कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व एडिशनल डीसीपी Rahul Dev Sharma और एसीपी Devansh Rathore ने किया।पश्चिमी जोन के कई थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया। करीब 20 चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और गलियों में देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध लोगों, देर रात घूमने वालों और असामाजिक तत्वों से पूछताछ की गई।
पुलिस ने कई वाहनों की जांच कर दस्तावेज भी चेक किए। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग मचाने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने भी लाया गया।एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि रायपुर पुलिस लगातार नशा मुक्ति अभियान चला रही है। शहर के कई इलाकों में छोटे स्तर पर नशे का कारोबार करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने यह विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च कर स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। कई दुकानदारों और नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।एसीपी देवांश राठौर ने कहा कि आगे भी पश्चिमी जोन में लगातार ऐसे अभियान चलाए जाएंगे ताकि अपराध और नशाखोरी पर नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।