Saturday, March 14, 2026
Homeअपराधभाठागांव नया बस स्टैंड से बस चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10...

भाठागांव नया बस स्टैंड से बस चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख की बस बरामद

रायपुर, ।राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव स्थित नया बस स्टैंड से बस चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की बस (क्रमांक CG 07 E 0782) भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू (24 वर्ष) निवासी गेवरा बस्ती, थाना कुसमुण्डा जिला कोरबा के रूप में हुई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डुमतराई रायपुर निवासी अब्दुल अलीम ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं और बस क्रमांक CG 07 E 0782 का संचालन करते हैं। 6 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बस का चालक बस को नया बस स्टैंड भाठागांव में खड़ा कर उसकी चाबी चालक सीट के नीचे रखकर अपने घर चला गया था।

अगले दिन 7 मार्च की सुबह करीब 8 बजे चालक जब बस लेने पहुंचा तो बस अपने स्थान पर नहीं थी। इसके बाद प्रार्थी को सूचना दी गई और काफी तलाश करने के बावजूद बस का पता नहीं चल सका। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना टिकरापारा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 197/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई

पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और बस चालक, बस स्टैंड के कर्मचारियों, आसपास के दुकानदारों तथा अन्य लोगों से पूछताछ की। इसके बाद घटनास्थल और आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति बस को स्वयं चलाकर वहां से ले गया है।इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा बस ले जाने के संभावित मार्गों की जांच की और उन मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का क्रमबद्ध तरीके से विश्लेषण किया। साथ ही बस में लगे फास्टैग के माध्यम से विभिन्न टोल प्लाजा से भी बस के आवागमन की जानकारी जुटाई गई। लगातार तकनीकी विश्लेषण, पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तरौंद में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भाठागांव स्थित नया बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता था और बसों की गतिविधियों से अच्छी तरह परिचित था। घटना के दिन उसने देखा कि बस में कोई मौजूद नहीं है और उसकी चाबी सीट के नीचे रखी हुई है। मौके का फायदा उठाकर उसने चाबी उठाई और बस को खुद चलाकर वहां से चोरी कर ले गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बस क्रमांक CG 07 E 0782, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद कर ली है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, मंगलेश्वर सिंह परिहार, गुरुदयाल सिंह, राकेश सोनी, तुकेश निषाद, भूपेन्द्र मिश्रा, अजय चौधरी तथा टिकरापारा थाना के उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे, अरुण ध्रुव और दया शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments