रायपुर। राजधानी में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नॉर्थ जोन पुलिस ने अभियान चलाकर कुल 64 लोगों को पकड़ा, जो खुलेआम शराब पीते या पिलाते मिले।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। शहर के अलग-अलग इलाकों जैसे मैदान, पार्क, चौक-चौराहों और यहां तक कि कार के अंदर बैठकर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई हुई।
अभियान के दौरान खम्हारडीह, पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में कुल 64 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।इसके अलावा, हुक्का पीने-पिलाने और उससे जुड़ी सामग्री बेचने वालों पर भी कार्रवाई की गई। खमतराई और गुढ़ियारी थाना क्षेत्रों से कुल 11 लोगों पर कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ।
पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 2 लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की, जबकि 12 अन्य लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।