रायपुर में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां युवक कांग्रेस नेता विनोद कश्यप भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे देखते ही देखते कारें जलकर खाक हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था की विफलता है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे साजिश करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर 12 बजे डीडीनगर थाना पहुंचकर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में जुटने की संभावना है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।