रायपुर,बस्तर संभाग के बकावण्ड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जामगुड़ा (धनपुर) में एक मासूम बच्ची की जिंदगी में शासन की स्वास्थ्य योजना ने नई रोशनी भर दी। महेश भारती की बेटी रंजना, जो जन्म से कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) की समस्या से जूझ रही थी, अब पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर बढ़ रही है।रंजना के जन्म के साथ ही परिवार में खुशी तो आई, लेकिन उसकी गंभीर स्वास्थ्य समस्या ने माता-पिता को चिंता में डाल दिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए निजी अस्पताल में इलाज कराना संभव नहीं था, जिससे वे खुद को असहाय महसूस कर रहे थे।उम्मीद की किरण तब जगी, जब 19 जून 2025 को चिरायु दल बकावण्ड की टीम आँगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुँची। टीम ने रंजना की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसे जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) रेफर किया। इसके बाद जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से इलाज की प्रक्रिया शुरू हुई।6 नवंबर 2025 को रंजना को रायपुर स्थित मेडिसाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उसका सफल ऑपरेशन किया। राहत की बात यह रही कि जाँच, ऑपरेशन और इलाज का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा।13 फरवरी को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए गए फॉलो-अप में रंजना पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। ऑपरेशन के बाद उसके चेहरे में आए बदलाव और उसकी मुस्कान ने परिवार की वर्षों पुरानी चिंता को दूर कर दिया।परिजनों ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं है।