
रायपुर | 4 फरवरीविश्व कैंसर दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “United by Unique” के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कैंसर का हर मरीज अलग है और प्रभावी उपचार के लिए बीमारी से पहले उस व्यक्ति को समझना आवश्यक है।पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर का क्षेत्रीय कैंसर संस्थान, जो छत्तीसगढ़ का एकमात्र शासकीय कंप्रिहेंसिव कैंसर सेंटर है, व्यक्ति-केंद्रित कैंसर देखभाल को बढ़ावा दे रहा है। इस अवसर पर संस्थान में जागरूकता रैली, मैराथन एवं प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया।संस्थान में कैंसर की सिकाई, सर्जरी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी, पैलिएटिव केयर तथा बाल्य कैंसर उपचार की समस्त आधुनिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। अत्याधुनिक तकनीकों से सटीक इलाज किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल रही है।विशेषज्ञों ने अपील की कि कैंसर को लेकर भ्रांतियों से दूर रहें, समय पर जांच कराएं और केवल विश्वसनीय चिकित्सा संस्थानों से ही जानकारी एवं उपचार लें।


