राजधानी रायपुर में अवैध खनन के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के सख्त निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने खरोरा तहसील के ग्राम धनसुली और मुरा में अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।
खनिज विभाग के सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कई चूनापत्थर खदानों और क्रेशरों की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि संचालकों द्वारा खनिज नियमों और पर्यावरण नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
सबसे गंभीर बात यह रही कि कई क्रेशरों में स्वीकृत क्षमता से कहीं अधिक भंडारण किया जा रहा था, साथ ही अवैध रूप से खनिज का स्टॉक भी रखा गया था।

तत्काल कार्रवाई करते हुए विभाग ने 4 बड़े क्रेशरों को सील कर दिया और उनका संचालन पूरी तरह बंद करा दिया।👉 संबंधित खदान संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब नियमों के उल्लंघन पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।