रायपुर। शहर के कोटा क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर रेलवे फाटक पिछले लगभग 19 दिनों से बंद है, जिससे इलाके के रहवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा मेंटेनेंस का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन लंबे समय से फाटक बंद रहने के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
फाटक बंद होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को लंबा चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। खासकर पैदल चलने वाले, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक फाटक बंद होने से उनकी दिनचर्या पूरी तरह बिगड़ गई है और जरूरी कामों में भी देरी हो रही है।

स्थिति को लेकर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। स्थानीय पार्षद प्रकाश जगत के नेतृत्व में वार्ड के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द फाटक खोलने की मांग की।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे डीआरएम कार्यालय का घेराव करेंगे। साथ ही, उग्र आंदोलन के तहत रेल रोको जैसे कदम उठाने की भी बात कही गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि बढ़ते जनदबाव के बीच रेलवे प्रशासन कब तक कोई ठोस निर्णय लेता है और क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है।