रायपुर। राजधानी रायपुर के आंबेडकर चौक में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का स्थापना कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य शासन-प्रशासन की देखरेख में नगर निगम की टीम और समाज के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुआ। प्रतिमा स्थापना के साथ ही क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
प्रतिमा स्थापना के दौरान शाम से ही आंबेडकर चौक पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते सैकड़ो की संख्या में लोग वहां पहुंच गए। बौद्ध समाज के उपासक-उपासिकाओं के साथ-साथ शहर के विभिन्न हिस्सों से आम नागरिक भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने पहुंचे। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। युवा लगातार जय भीम के नारे लगाते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी अच्छी खासी उपस्थिति रही। सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस पल को उत्सव के रूप में मनाया। प्रतिमा स्थापना के दौरान लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी। आंबेडकर चौक और आसपास के क्षेत्र में देर तक जश्न का माहौल बना रहा।जानकारी के अनुसार, यह प्रतिमा लगभग 21 फीट ऊंची है, जिसे रायपुर शहर की सबसे बड़ी और भव्य प्रतिमाओं में शामिल माना जा रहा है। यह न केवल शहर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में भी प्रमुख प्रतिमाओं में गिनी जाएगी।

प्रतिमा को भिलाई में तैयार किया गया था, जहां से इसे विशेष सुरक्षा और व्यवस्था के साथ रायपुर लाया गया। प्रतिमा देर रात करीब 12 बजे रायपुर पहुंची, जिसके बाद प्रशासन की निगरानी में इसे स्थापित किया गया।प्रतिमा स्थापना के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था की गई थी। क्रेन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक प्रतिमा को स्थापित किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही, जिन्होंने पूरे कार्य की निगरानी की। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस पूरे आयोजन में समाज के लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। समाज के युवाओं और वरिष्ठजनों ने मिलकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए इस कार्य को सफल बनाया। लंबे समय से इस प्रतिमा की स्थापना की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। लोगों ने इसे सामाजिक सम्मान और एकता का प्रतीक बताया।अब इस प्रतिमा के विधिवत लोकार्पण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
रायपुर में स्थापित यह भव्य प्रतिमा आने वाले समय में शहर की पहचान के रूप में उभरेगी। यह प्रतिमा बाबा साहब के विचारों, उनके संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। शहर के इतिहास में यह दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।