Thursday, March 26, 2026
Homeछत्तीसगढ़150 मीटर लंबी चुनरी यात्रा से गूंजा खरसिया, आस्था और एकता का...

150 मीटर लंबी चुनरी यात्रा से गूंजा खरसिया, आस्था और एकता का भव्य संगम बना नगर

खरसिया। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर खरसिया शिवसेना इकाई द्वारा परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी भव्य मनोकामना चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष सनी पिंटू यादव के नेतृत्व में निकली 150 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हमालपारा स्थित मां शीतला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं का विशाल समूह चुनरी लेकर नया फाटक, पुरानी बस्ती चौक, पुत्री शाला रोड, परशुराम चौक, स्टेशन चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए अर्चना टॉकीज मार्ग से मां गायत्री मंदिर पहुंचा।

यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा जल, जूस एवं फल वितरण कर सेवा भावना का परिचय दिया गया। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

मां गायत्री मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति एवं पुजारियों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। यहां माता रानी को चुनरी अर्पित कर सामूहिक आरती की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

आयोजकों के अनुसार यह चुनरी यात्रा प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्रि की सप्तमी के दिन निकाली जाती है। इस बार महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक भव्यता प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

इस सफल आयोजन में खरसिया शिवसेना इकाई के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। सनी पिंटू यादव सहित सभी सहयोगियों के समर्पण और प्रयासों से यह आयोजन नगर में आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर उभरा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments