नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के वरिष्ठ युवा पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक गरिमामय समारोह में ‘अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेपाल सरकार के बागमती प्रदेश के उद्योग, पर्यटन, श्रम एवं यातायात मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने उन्हें प्रदान किया।
डॉ. बेनर्जी को यह सम्मान भारत-नेपाल के बीच पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों तथा जनहित के मुद्दों पर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति नैतिक दायित्व है। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर नारायणपुर से सूरज सरकार, मुकेश सिंह एवं अनुज जोशी भी समारोह में उपस्थित रहे। बस्तर और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाने वाले डॉ. अभिषेक बेनर्जी की इस उपलब्धि पर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।