बिम्बिसार स्ट्राइकर्स, बौद्ध युवा संघ गुढ़ियारी, KC स्टार और त्रिशरण विकास समिति ने दर्ज की शानदार जीत, खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से दर्शकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
रायपुर। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित डॉ. अंबेडकर जयंती क्रिकेट लीग 2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। उद्घाटन अवसर पर समारोह समिति के अध्यक्ष संजय गजघाटे, कोषाध्यक्ष राष्ट्रपाल वांन्द्रे, महासचिव राहुल रामटेके तथा दिलीप रागासे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई और सभी टीमों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
टूर्नामेंट के पहले ही दिन मैदान में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। चार मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला। समाज के लोगों की बड़ी संख्या मैदान में मौजूद रही और हर चौके-छक्के पर तालियों और उत्साह से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया।
उद्घाटन मुकाबले में बिम्बिसार स्ट्राइकर्स की रोमांचक जीत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बिम्बिसार स्ट्राइकर्स और रमाई किंग्स कोटा के बीच खेला गया। बिम्बिसार स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 94 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने 95 रन का लक्ष्य रखा।लक्ष्य का पीछा करने उतरी रमाई किंग्स कोटा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती ओवरों में ही विकेट गिरने लगे। हालांकि बीच के ओवरों में बल्लेबाजों ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला और अच्छी साझेदारी की। मैच अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, लेकिन अंत में टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और बिम्बिसार स्ट्राइकर्स ने 6 रन से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

बौद्ध युवा संघ गुढ़ियारी ने दिखाया दम
दूसरा मुकाबला बाबासाहेब 11 और बौद्ध युवा संघ गुढ़ियारी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बौद्ध युवा संघ गुढ़ियारी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बाबासाहेब 11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 94 रन का स्कोर खड़ा किया।बौद्ध युवा संघ की ओर से गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। विशेष रूप से शिव करवड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में मात्र 7 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी बौद्ध युवा संघ गुढ़ियारी की टीम की शुरुआत धीमी रही और पहले ही ओवर में विकेट गिर गया। इसके बाद प्रवेश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में 36 रन की तेज पारी खेली और टीम को संभाला।हालांकि प्रफुल्ल मेश्राम जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद धम्मपाल गजभिये ने मोर्चा संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 13 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल था। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत टीम ने 13 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में शिव कुमार करवड़े को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

KC स्टार की तूफानी जीत, चिंटू की विस्फोटक पारी
तीसरा मुकाबला KC स्टार और पंचशील बौद्ध संघ राजेंद्र नगर के बीच खेला गया। पंचशील बौद्ध संघ राजेंद्र नगर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन KC स्टार के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करते हुए गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।टीम के बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 10 ओवर में 150 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। टीम की ओर से चिंटू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 79 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 7 चौके शामिल थे। वहीं विक्की रामटेक ने 35 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचशील बौद्ध संघ राजेंद्र नगर की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम मात्र 36 रन पर ऑल आउट हो गई। गेंदबाजी में प्रियांशु सोनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके। इस मुकाबले में चिंटू को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
त्रिशरण विकास समिति ने हासिल की शानदार जीत
दिन का चौथा मुकाबला पंचशील वारियर WRS और त्रिशरण विकास समिति के बीच खेला गया। त्रिशरण विकास समिति ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।पंचशील वारियर की ओर से रियांस चौहान और उषेंद्र गजभिए ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। टीम ने 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 108 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।उषेंद्र गजभिए ने 16 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि रियांस चौहान ने 14 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिशरण विकास समिति की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावर प्ले में ही एक विकेट गिर गया। हालांकि इसके बाद हर्ष पाटिल और अमन ने शानदार साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर ला दिया।हर्ष पाटिल ने 23 गेंदों में 50 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अमन ने 35 रन बनाए। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 9 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली। इस मैच में हर्ष पाटिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
समाज के लोगों की रही बड़ी मौजूदगीटूर्नामेंट के दौरान समाज के लोगों की बड़ी संख्या मैदान में मौजूद रही और सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी नरेश गडपाल, अखिलेश गडपाल, सचिन गजभिए, नरेश बोम्बाडे और रवि बोरकर ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा समाज के कमलेश रामटेक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह क्रिकेट लीग समाज में खेल भावना, भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। आने वाले दिनों में भी टूर्नामेंट के तहत कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।