छत्तीसगढ़ के रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा सिमगा के पास दरचूरा मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिमगा से करीब 10 किलोमीटर आगे दरचूरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी। हादसा लगभग सवा ग्यारह बजे के आसपास हुआ बताया जा रहा है।इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। बस में करीब दो दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर की तेज रफ्तार और टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन मृतकों की पहचान करने और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।