कोरबा शहर के पुराने इलाके की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। हसदेव नदी पर रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर के बीच रपटा (लो-लेवल पुल) निर्माण के लिए राज्य शासन ने 13.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।यह स्वीकृति कोरबा नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से संभव हुई है। लंबे समय से क्षेत्र के नागरिक इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे, जिससे शहर के भीतर आवागमन सुगम हो सके।मंत्री देवांगन ने बताया कि रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर तक सीधा संपर्क नहीं होने के कारण लोगों को उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग होते हुए सर्वमंगला पुल से घूमकर जाना पड़ता है। इससे न केवल समय अधिक लगता है, बल्कि सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ता रहा है।इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कोरबा दौरे के दौरान प्रस्ताव रखा गया था, जिसे उन्होंने स्वीकृति दी। इसके बाद सेतु निगम द्वारा रपटा निर्माण के लिए डिजाइन और लागत का प्राक्कलन तैयार किया गया।राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव कम होगा और रानी रोड से कुसमुंडा, कनकी तथा बिलासपुर की ओर जाने वाले लोगों को सीधा और सुगम मार्ग मिल सकेगा।इस परियोजना से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। मंत्री देवांगन ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।