लोकसभा में हंगामे के चलते प्रश्नकाल बाधित, 5 मिनट में स्थगित हुई कार्यवाही

“संसद में फिर गरमाया माहौल, पीडीएस पर सवाल के बीच बाधित हुई लोकसभा”

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में भारी शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हो गई। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इसी दौरान झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े प्रभाव को लेकर प्रश्न रख रहे थे। लगातार व्यवधान के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने प्रश्न का उत्तर देने की कोशिश की, लेकिन हंगामे के कारण चर्चा आगे नहीं बढ़ सकी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में व्यवस्था बनाए रखने और मर्यादित आचरण का पालन करने की अपील की। बावजूद इसके शोर-शराबा जारी रहा, जिसके चलते प्रश्नकाल शुरू होने के लगभग पांच मिनट के भीतर ही लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

वहीं, दूसरी ओर राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा सुचारू रूप से जारी रही।गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से आरंभ हुआ है। सत्र के छठे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देने का कार्यक्रम है।इससे पहले भी लोकसभा में गत दिनों लगातार हंगामे की स्थिति बनी रही। विपक्ष का आरोप है कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा, जबकि सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है। संसद में जारी इस राजनीतिक गतिरोध पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *