धरमलाल कौशिक के साथ राजधानी रायपुर में हुई मोबाइल लूट की घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था पर निशाना साधा है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में सुशील आनंद शुक्ला ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजधानी में वरिष्ठ नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद भी राजधानी में लूट, हत्या और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कांग्रेस ने सरकार और गृह विभाग से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।