डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को निमंत्रण, मुख्यमंत्री निवास में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी रहे मौजूदरायपुर। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति के पदाधिकारियों ने 08 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात कर उन्हें 14 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर समिति की ओर से मुख्यमंत्री को एक लिखित निवेदन भी सौंपा गया।इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे, जिन्हें भी समिति के पदाधिकारियों ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भारत डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती हर वर्ष समाज के लोगों द्वारा बड़े उत्साह,और गरिमा के साथ मनाई जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। समारोह के दौरान सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे समारोह में उपस्थित होकर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के विचारों, उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालें, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके और समाज में समानता, शिक्षा तथा सामाजिक न्याय के संदेश को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समिति के पदाधिकारियों से जयंती समारोह की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान के रूप में एक मजबूत आधार प्रदान किया है और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।मुख्यमंत्री को निवेदन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष संजय गजघाटे, भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े, जयंती समारोह के महासचिव दिलीप रागासे, बौद्ध सोसायटी ऑफ इंडिया के प्रदेश महासचिव बेनीराम गायकवाड़, सुनील वांदरे तथा सौरभ जागृत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर रायपुर के विभिन्न वार्डों से महारैली , विचार गोष्ठी, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी प्रस्तावित है।