रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम फैसला लिया गया है। राज्य शासन ने बिलासपुर में टेलीफोन एक्सचेंज पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 5 करोड़ 10 लाख 59 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से कुल 3.29 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी।यह स्वीकृति उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद जारी की गई है। मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति के संबंध में परिपत्र भी जारी कर दिया गया है।उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री से लेकर पूरी प्रक्रिया की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि कार्य की निविदा समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए और निर्माण में मितव्ययिता का ध्यान रखा जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी को तय समय में कार्य पूरा करने के लिए बाध्य किया गया है।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना ठोस कारणों के समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से समय बढ़ाया जा सकेगा।इस परियोजना के पूर्ण होने से बिलासपुर क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।