रायपुर। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च को रायपुर नगर निगम के राजस्व विभाग ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 7,912 संपत्तिकरदाताओं से कुल 8 करोड़ 17 लाख 36 हजार 218 रुपये की वसूली की। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शहर के सभी 10 जोनों के कार्यालयों में करदाताओं की भीड़ उमड़ी रही।
राजस्व वसूली में जोन 2 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल वसूली में 3 करोड़ रुपये की बढ़त हासिल की। वहीं जोन 5 की टीम भी पीछे नहीं रही और उसने पौने 3 करोड़ रुपये अधिक वसूली कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा जोन 4 ने भी 2 करोड़ 6 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली कर बेहतर प्रदर्शन किया।
खास बात यह रही कि जोन 2, 4 और 10 ने एक-एक करोड़ रुपये से अधिक की वसूली कर निगम के राजस्व को मजबूत किया। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर सभी जोनों में राजस्व अमले ने दिनभर सक्रिय रहकर लक्ष्य हासिल किया।
निगम प्रशासन ने बकाया करदाताओं पर सख्ती भी जारी रखी। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील करने और बकाया नहीं चुकाने वाले घरों के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई पूरे दिन चलती रही।
इस बीच, होलीक्रॉस स्कूल बैरनबाजार और शैलेन्द्र नगर ने वर्ष 2008 से 2026 तक का पूरा बकाया आरटीजीएस के माध्यम से जमा कर दिया, जिसके बाद निगम ने दोनों संस्थानों पर लगी सील खोल दी।
निगम प्रशासन ने इसे करदाताओं की जागरूकता और विभागीय प्रयासों का संयुक्त परिणाम बताया है।