रायपुर।छत्तीसगढ़ में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा घेराव करेगी। इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह-सचिव एवं सह-प्रभारी विजय जांगिड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम, बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों के साथ कथित धोखा, धान खरीदी में वादा खिलाफी और रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों को लेकर 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए जिलावार और विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के कोने-कोने से कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
बैठक में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, विधायक उमेश पटेल, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ नेता राजेंद्र तिवारी, शैलेश नितिन त्रिवेदी, महामंत्री दीपक मिश्रा, सुबोध हरितवाल, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, सेवादल कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, नगर निगम सभापति आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस संबंध में जानकारी देते हुए कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।