रायपुर। शहर में होली के दौरान हुई नृशंस हत्या की घटना के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गंज थाना के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और गंज थाना पुलिस को “जगाने” की बात कही।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रायपुर शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। नेताओं का कहना था कि हाल ही में हुई हत्या की घटना पुलिस की लापरवाही को दर्शाती है और ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस प्रशासन शहर में अमन-शांति बनाए रखने के मामले में उदासीन है।कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि शहर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बावजूद इस तरह की गंभीर घटनाएं सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।जनता में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गंज थाने के सामने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान रायपुर जिला अध्यक्ष श्री कुमार मेनन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे सहित अन्य कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।