Saturday, February 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़होली पर सख्ती: हुड़दंगियों पर कार्रवाई, सूचना पर 21 हजार इनाम

होली पर सख्ती: हुड़दंगियों पर कार्रवाई, सूचना पर 21 हजार इनाम

दुर्ग/भिलाई। रंगों के पर्व होली को लेकर भिलाई के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में इस बार कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया गया है। क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने साफ तौर पर कहा है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अश्लीलता, मारपीट या कानून तोड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।विधायक सेन ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इस दिन लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस पवित्र अवसर को खराब करने की कोशिश करते हैं। इस बार ऐसे लोगों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।उन्होंने आम नागरिकों को भी इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति हथियार लेकर घूमता हुआ, बिना हेलमेट तीन सवारी बाइक चलाते हुए, नशे में हुड़दंग करते हुए या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि करते हुए दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तुरंत साझा करें। वाहन नंबर और वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने पर सूचना देने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस और प्रशासन को पहले से ही अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी से ही संभव है। यदि नागरिक सतर्क रहेंगे और समय पर जानकारी देंगे, तो असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।अंत में विधायक रिकेश सेन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे होली को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं, किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह त्योहार पूरे क्षेत्र में सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments