गरियाबंद।छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा में एक युवती की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपनी एक सहेली के साथ अत्यंत अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि पहले पीड़िता के साथ गंभीर रूप से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे आपसी विवाद और चरित्र को लेकर आपत्तिजनक आरोप कारण हो सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।थाना प्रभारी के अनुसार, प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
