रायपुर। पिंक पेट्रोल यूनिट की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक बिछड़ा मासूम सुरक्षित अपनी मां तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार 04 अप्रैल 2026 को मध्य जोन की पिंक पेट्रोल टीम अंबेडकर हॉस्पिटल के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान ऑटो स्टैंड के पास करीब 3 वर्ष का एक बच्चा रोते हुए मिला, जो अपनी मां से बिछड़ गया था।

पुलिस टीम ने तुरंत आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और बच्चे के परिजनों की तलाश में जुट गई। कुछ ही समय बाद बच्चे की मां अस्पताल से बाहर आई और पुलिस से संपर्क करने पर उसे उसका बच्चा सुरक्षित मिल गया।
पहचान सत्यापन के बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर मां भावुक हो गई और रायपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर रायपुर पुलिस की जनसेवा और संवेदनशीलता का उदाहरण देखने को मिला।