Tuesday, March 31, 2026
Homeछत्तीसगढ़शराब माफिया पर बड़ा प्रहार: मुख्य सरगना दीपक मुदलियार गिरफ्तार, संगठित नेटवर्क...

शराब माफिया पर बड़ा प्रहार: मुख्य सरगना दीपक मुदलियार गिरफ्तार, संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़

राजधानी में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गंज क्षेत्र में अवैध देशी मसाला मदिरा के बड़े जखीरे के मामले में मुख्य सरगना दीपक मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में गंजपारा स्थित प्रभात टॉकीज के पीछे भट्ठी क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर 42.840 बल्क लीटर अवैध शराब (238 पौवा) तथा ₹3,40,220 नकद जब्त किए थे। कुल जब्ती की राशि ₹4,28,020 आंकी गई थी। इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह अवैध कारोबार संगठित गिरोह के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोग मिलकर भंडारण, परिवहन और सप्लाई का काम कर रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और पतासाजी के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।अब तक इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पहले चरण में ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू और गोपाल दास मानिकपुरी को पकड़ा गया था। इसके बाद फरार चल रहे राजेश नागेश (43) और दीप पाल सागर (30) को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस मुख्य सरगना दीपक मुदलियार तक पहुंचने में सफल रही। आरोपी को 30 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के इस संगठित नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments