Tuesday, March 31, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायपुर में भगवान महावीर जयंती पर भक्ति का सैलाब, आज भव्य अनुष्ठान,...

रायपुर में भगवान महावीर जयंती पर भक्ति का सैलाब, आज भव्य अनुष्ठान, कल निकलेगी विशाल शोभायात्रा

रायपुर। राजधानी रायपुर में भगवान महावीर स्वामी की 2624वीं जयंती के अवसर पर मालवीय रोड स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में सोमवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

प्रातःकाल मंत्रोच्चार के बीच भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का रजत कलशों से प्रासूक जल द्वारा भव्य अभिषेक किया गया। इसके बाद विश्व शांति और जनकल्याण की कामना के साथ शांतिधारा संपन्न हुई। पूरा मंदिर परिसर “महावीर स्वामी के जयकारों” से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने मंगल आरती कर अष्ट द्रव्यों से विधिवत पूजन-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए।

मंदिर के पूर्व सचिव श्रेयश जैन “बालू” ने बताया कि भगवान महावीर का संदेश “जियो और जीने दो” आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि जयंती के मुख्य दिवस 31 मार्च को जन्मकल्याणक महोत्सव समिति (सकल जैन समाज) के तत्वावधान में भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली जाएगी।यह शोभायात्रा श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर से प्रारंभ होकर श्री जिनकुशल जैन दादाबाड़ी पहुंचेगी, जहां भगवान महावीर का विशेष अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान को पुनः रथ में विराजमान कर मंदिर तक वापस लाया जाएगा।

आयोजन समिति ने समस्त जैन समाज से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लें और भगवान महावीर के अहिंसा एवं करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। राजधानी में कल “जियो और जीने दो” के जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा का उल्लास देखने को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments