मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रायपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को शासकीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मरीजों की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था बेहतर रहे, इसके लिए नियमित निगरानी की जा रही है और जहां भी कमी सामने आएगी, उसे तुरंत दूर किया जाएगा।
मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें डॉक्टरों और स्टाफ की ओर से किस प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं और कहीं कोई परेशानी तो नहीं है। मरीजों ने भी मंत्री को अस्पताल में मिल रही सेवाओं की जानकारी दी।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री का यह औचक निरीक्षण था। रविवार होने के कारण अस्पताल की ओपीडी सेवा बंद थी, फिर भी मंत्री ने वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
डॉ. खरे ने बताया कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। अनावश्यक रूप से अस्पताल में प्रवेश करने वाले अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं, जो दो शिफ्टों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे अस्पताल परिसर में अनुशासन बनाए रखने में मदद मिल रही है।उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में जब मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होगी, तब अस्पताल की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी और स्टाफ भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय स्वप्निल तिवारी और मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर उपचार, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।