आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी दूध पीने से बड़ा हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार इलाके में सप्लाई किए गए दूध का सेवन करने के बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में इलाज के दौरान 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों का इलाज अभी भी जारी है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग दूध की गुणवत्ता को लेकर चिंता जता रहे हैं।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने उस डेयरी और सप्लाई चैन की जांच शुरू कर दी है, जहां से दूध आने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने दूध के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं।जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इलाके में दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच भी तेज कर दी गई है ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ न हो सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ के सेवन से बचें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें।