रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध नशे के कारोबार को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में अफीम की अवैध खेती और नशे के कारोबार के पीछे भाजपा नेताओं की भूमिका सामने आ रही है, इसलिए सरकार को इस मामले की जाँच रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए।उत्तम जायसवाल ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में भाजपा नेता द्वारा अफीम की खेती कराए जाने का मामला यह साबित करता है कि राज्य में नशे के कारोबार को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिना सरकारी संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती संभव नहीं है। दुर्ग के बाद बलरामपुर जिले में भी नशे की फसल मिलने से पूरे प्रदेश में नशे के नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में चाहे पूर्व की कांग्रेस सरकार रही हो या वर्तमान भाजपा सरकार, दोनों ही शासनकाल में नशे का कारोबार बढ़ा है और इसे रोकने में सरकारें असफल रही हैं। जायसवाल ने मांग की कि जिन क्षेत्रों में सौ से डेढ़ सौ एकड़ या उससे अधिक रकबे में खेती हो रही है, वहां तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही जिन स्थानों पर बाहरी मजदूरों को बुलाकर खेती कराई जा रही है, वहां भी विशेष जांच टीम भेजी जाए।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में केवल अपने पदाधिकारियों को पद से हटाकर पल्ला झाड़ रही है, जबकि शुरुआत से ही उच्च स्तरीय जांच समिति बनाकर पूरे मामले की जांच करानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि अफीम की खेती कब से हो रही थी, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार अफीम को कहां भेजा जाता था। पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड का भी खुलासा किया जाना चाहिए।उत्तम जायसवाल ने कहा कि सरकार और पुलिस की कथित मिलीभगत के कारण ही प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। शराब, गांजा, अफीम और चरस जैसे नशों के कारण युवा पीढ़ी में लत तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ड्रग्स का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है और सत्ता के संरक्षण के बिना यह संभव नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले बड़ी मात्रा में ड्रग्स पकड़े जाने के मामले में दावा किया गया था कि पाकिस्तान से रायपुर तक ड्रग्स पहुंच रहा था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि इस नेटवर्क को संरक्षण कौन दे रहा था और ड्रग्स प्रदेश तक कैसे पहुंच रहा था।आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि अवैध अफीम के कारोबार की पूरी जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।