Wednesday, March 11, 2026
Homeछत्तीसगढ़अंबेडकर जयंती से पहले मूर्ति स्थल निर्माण तेज, ठेकेदार को सख्त चेतावनी

अंबेडकर जयंती से पहले मूर्ति स्थल निर्माण तेज, ठेकेदार को सख्त चेतावनी

डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के मद्देनज़र मूर्ति स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार 11 मार्च 2026 को नगर निगम रायपुर के अधिकारियों, भारतीय बौद्ध महासभा के पदाधिकारियों तथा डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती समारोह समिति के प्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आज से निर्माण कार्य को तेज गति से शुरू कर लगातार जारी रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है। ऐसे में मूर्ति स्थल का निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा होना आवश्यक है, ताकि जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन और जनसहभागिता भव्य रूप से संपन्न हो सके।इस निरीक्षण में नगर निगम रायपुर की ओर से अधीक्षक अभियंता श्री संजय बागड़े, कार्यपालन अभियंता श्री शेखर कुमार सिंह तथा इंजीनियर राखी देवांगन उपस्थित रहे। वहीं भारतीय बौद्ध महासभा छत्तीसगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े और महासचिव बेनीराम गायकवाड भी निरीक्षण में शामिल हुए और निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण कराने पर जोर दिया।इसके अलावा डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष संजय गजघाटे, महासचिव दिलीप रागासे, सुनील वांदरे, मकरंद घोड़ेसवार, कमलेश रामटेके सहित अन्य पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान सभी ने एकमत होकर कहा कि समाज की आस्था और सम्मान से जुड़े इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी ने प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कर जयंती समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प भी दोहराया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments