रायपुर। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के अवसर पर मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़, जिला रायपुर द्वारा अवन्ति विहार स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए गजा-मूंग प्रसाद एवं शीतल शरबत वितरण का सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
जिलाध्यक्ष गजानंद यादव के नेतृत्व एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मदन लाल रावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए हजारों श्रद्धालुओं की सेवा की। प्रदेश महासचिव मनोज कुमार यादव ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए समाजजनों से शिक्षा, संगठन, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, महिला सदस्य, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।