रायपुर। संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाली मोटर साइकिल रैली को इस बार ऐतिहासिक और विशाल स्वरूप देने के लिए रायपुर शहर के युवा साथियों ने एकजुट होकर जोरदार संकल्प लिया है। विगत 14 वर्षों से बौद्ध युवा संघ के बैनर तले आयोजित हो रही यह रैली वर्ष 2024 से डॉ. अंबेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति एवं बौद्ध युवा संघ के संयुक्त बैनर तले और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित की जा रही है।इस संबंध में आयोजित बैठक में शहर के सैकड़ों युवा साथियों ने भाग लिया, जहां रैली को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य, आकर्षक एवं अनुशासित बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी अम्बेडकरी साथियों ने एक स्वर में कहा कि यह रैली समाज की एकता, जागरूकता और स्वाभिमान का प्रतीक है, जिसे इस बार एक नई ऊंचाई तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि पिछले साल क़ि तरह इस बार भी यह रैली रायपुर के विभिन्न वार्डों से जाएगी, ताकि हर क्षेत्र के लोग इस आयोजन से सीधे जुड़ सकें। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और बड़ी संख्या में मोटर साइकिलों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। युवाओं ने कहा कि पूरे रायपुर शहर के लोग एकजुट होकर इस रैली को एक विशाल और ऐतिहासिक रैली का रूप देंगे, जिससे समाज में एक मजबूत संदेश पहुंचे।
युवा साथियों ने यह भी कहा कि वे व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए अधिक से अधिक युवाओं को इस आयोजन से जोड़ेंगे और रैली में अधिक से अधिक गाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की भी योजना बनाई जा रही है।

बैठक में रैली को पूर्ण रूप से अनुशासित, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए विशेष टीमों के गठन पर भी चर्चा हुई। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि रैली के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के विचार—समानता, शिक्षा, संगठन और संघर्ष—को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार रैली में आकर्षक झांकियां, बैनर-पोस्टर और सामाजिक संदेशों का भी विशेष समावेश किया जाएगा, जिससे यह आयोजन पहले से अधिक प्रभावशाली और यादगार बनेगा।
युवा साथियों ने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयास, एकता और उत्साह से यह रैली न केवल रायपुर, बल्कि पूरे प्रदेश में एक मिसाल कायम करेगी। बैठक के अंत में सभी अम्बेडकरी साथियों ने संकल्प लिया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस रैली को ऐतिहासिक सफलता दिलाएंगे।
अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी युवा साथियों, सहयोगियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि आपसी भाईचारे और सहयोग से यह रैली निश्चित ही एक नई पहचान बनाएगी और समाज को एकजुट करने का मजबूत संदेश देगी।