रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आदिवासी छात्राओं से जुड़े गंभीर मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अंबेडकर चौक में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी ने तीन छात्राओं के गर्भवती पाए जाने की घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।धरना के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा ने कहा कि गंगालूर क्षेत्र के पोर्टा केबिन हाई स्कूल से जुड़ी यह घटना छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने बताया कि तीनों छात्राएं करीब पांच महीने की गर्भवती हैं, जिनमें दो नाबालिग हैं। साथ ही यह भी सामने आया है कि स्वास्थ्य विभाग को पहले से इसकी जानकारी थी, इसके बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जो बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।प्रदेश सचिव अनुषा जोसेफ ने कहा कि जिन संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, वहीं ऐसी घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रदेश संयुक्त सचिव कलावती मार्को ने राज्य सरकार से सभी आश्रम, छात्रावास और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।AAP ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द और पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।