हजारों अकीदतमंद हुए शामिल, घोड़े-ऊंट, आकर्षक झांकियां और सजी-धजी कारें रहीं आकर्षण का केंद्र
रायपुर। 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मौके पर बुधवार को शहर सीरतुन्नबी कमेटी रायपुर के तत्वावधान में भव्य जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ निकाला गया। जुलूस में रायपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरा शहर दरूद-ओ-सलाम और नारों से गूंज उठा।
जुलूस की शुरुआत महबूबिया चौक, बैजनाथपारा से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सीरत मैदान पहुंचा। जुलूस हजरत सय्यद हसन अशरफ अशरफुल जिलानी, किछौछा मुकद्दसा, उत्तर प्रदेश की सरपरस्ती एवं कायदत में आयोजित हुआ। उनके दस्त-ए-मुबारक से परचम-कुशाई की रस्म अदा की गई।
जुलूस में घोड़े, सजे हुए ऊंट, आकर्षक झांकियां और फूलों से सजी कारें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए और अनुशासन के साथ अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया।
सीरत मैदान में हुआ कार्यक्रमसीरत मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उलमा-ए-किराम ने पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत-ए-पाक पर प्रकाश डालते हुए अमन, इंसानियत, मोहब्बत, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि सीरत-ए-मुस्तफा ﷺ इंसानियत को प्रेम, रहमत, सहिष्णुता और एक-दूसरे के सम्मान की राह दिखाती है।

कार्यक्रम के अंत में देश की तरक्की, छत्तीसगढ़ और रायपुर की खुशहाली, अमन-ओ-आमान एवं आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। इसके बाद सीरत मैदान में आम लंगर का आयोजन किया गया।
कई प्रमुख लोग रहे मौजूदकार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, फाउंडर मेंबर हाजी शेख नजीमुद्दीन, जनरल सेक्रेटरी हाजी सबीहुद्दीन, चीफ ऑर्गेनाइजर मोहम्मद सिराज, वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिज़वी, हाजी बदरुद्दीन खोखर, इकबाल शरीफ, डॉ. मुजाहिद अली फारूकी, मोइनुद्दीन, मुफ्ती एहतेशाम अली फारूकी सहित अनेक उलमा एवं जिम्मेदारान-ए-कौम मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व महापौर एजाज ढेबर, शेख शकील, नादिर खान, गुड्डा सेठी, अयान सेठी, आदि सेठी, एजाज खान, फिरोज खान, शेख यूनुस, नूरा खान, हाजी रिजवान, कारी इमरान साहब, शहर काजी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और मोहल्ला कमेटियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में शहर सीरतुन्नबी कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी, चीफ ऑर्गेनाइजर मोहम्मद सिराज, मीडिया प्रभारी अब्दुल नादिर खान, कमेटी के पदाधिकारियों, वालंटियर्स एवं विभिन्न मोहल्ला कमेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमेटी ने प्रशासन, पुलिस, मीडिया, वालंटियर्स एवं सभी सहयोगियों का आभार जताया।