कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांकेर वन मंडल के अंतर्गत नरहरपुर एवं कांकेर वन परिक्षेत्र में जंगली सूअरों के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से शिकार किए गए जंगली सूअरों के अवशेष और शिकार में उपयोग किए गए हथियार भी जब्त किए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम को मुखबिर से अवैध शिकार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र अधिकारी कांकेर नुसरत सबा (प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक) के नेतृत्व में टीम ने वयसकोंगेरा क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों में एक जंगली सूअर को ले जाते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी शिकार किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार मृत जंगली सूअरों के अवशेष तथा एक जीवित जंगली सूअर बरामद किया। मौके से शिकार में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए गए हैं।सहायक वन संरक्षक नुसरत सबा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जंगली सूअरों का शिकार कर उनका मांस बेचने की फिराक में थे। रंगपंचमी के त्योहार के दौरान मांस की मांग अधिक होने की आशंका को देखते हुए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।वन विभाग ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।