मौसम बना बाधा तो दो चरणों में हो सकते हैं नेपाल के आम चुनाव: प्रधानमंत्री कार्की

काठमांडू। नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने संकेत दिए हैं कि आगामी आम चुनाव दो चरणों में कराए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं रही, तो पर्वतीय और दुर्गम जिलों में मतदान दूसरे चरण में कराया जा सकता है।

प्रधानमंत्री कार्की गंडकी प्रांत के कावासोती नगरपालिका में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। यह कार्यक्रम नेपाली सेना के एनसीसी मध्य-क्षेत्र प्रशिक्षण विद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के प्रशिक्षण समापन अवसर पर आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी नागरिकों को सुरक्षित और सुचारू तरीके से मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग के साथ समन्वय कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।सरकार के इस संकेत के बाद राजनीतिक हलकों में चुनावी रणनीतियों को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *