Homeछत्तीसगढ़72 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला युवक का...

72 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला युवक का हत्यारा

रायगढ़। रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आपसी विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने घरेलू शील पत्थर से युवक के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले अहम सुराग और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी 23 वर्षीय रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव उसके घर की परछी में खून से लथपथ मिला था। शव के पास भारी शील पत्थर पड़ा हुआ था, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

जांच के दौरान घटनास्थल से मिले गमछे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डॉग स्क्वाड की सहायता ली गई। पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर महत्वपूर्ण संकेत दिए। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर घर में रखे शील पत्थर से कई वार कर रामनाथ की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी भुवनेश्वर यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हत्या के इस मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली लैलूंगा थाना पुलिस, जांच टीम और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सराहना करते हुए डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments