रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम ज़ोन अंतर्गत थाना कबीर नगर क्षेत्र में बिना वैध अनुमति डीजे संचालन करने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए डीजे वाहन व उपकरण जप्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पाया गया कि नंदी किशोर सुनानी (निवासी जूनागढ़, उड़ीसा) और दुष्यंत साहू (निवासी खपरीपारा, जिला गरियाबंद) द्वारा बिना पुलिस अनुमति के डीजे संचालित किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डीसीपी पश्चिम ज़ोन की अध्यक्षता में डीजे, साउंड सिस्टम एवं टेंट संचालकों की बैठक आयोजित कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का डीजे संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही शोर-शराबे से बचने की अपील भी की गई थी।
इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी बिना अनुमति डीजे संचालन करने वालों के खिलाफ इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।