Thursday, March 12, 2026
Homeछत्तीसगढ़राजधानी में पुल की गुणवत्ता पर सवाल: तेलीबांधा ओवर ब्रिज के एक्सप्रेसवे...

राजधानी में पुल की गुणवत्ता पर सवाल: तेलीबांधा ओवर ब्रिज के एक्सप्रेसवे ब्रिज से अचानक टूटा हिस्सा, बाल-बाल बचे लोग

रायपुर। राजधानी रायपुर में बने एक्सप्रेसवे ब्रिज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तेलीबांधा ओवर ब्रिज के ऊपर से गुजरने वाले एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। यह घटना उस समय हुई जब पुल के नीचे से वाहन गुजर रहे थे, हालांकि गनीमत रही कि मलबा गिरने के समय कोई भी उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सप्रेस ब्रिज का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे स्थित अटल पथ पर गिर गया। यदि उस समय वहां वाहन या राहगीर मौजूद होते तो यह घटना गंभीर दुर्घटना का रूप ले सकती थी। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति भी बन गई थी

बताया जा रहा है कि यह एक्सप्रेसवे ब्रिज लगभग 5 से 7 साल पहले ही बनाया गया था। इतनी कम अवधि में ही पुल के हिस्से का टूटकर गिर जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट की हालत इतनी जल्दी खराब होना बेहद चिंताजनक है।इस एक्सप्रेसवे से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और यह शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है। ऐसे में पुल के हिस्से के गिरने की घटना ने लोगों के मन में डर और चिंता पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पूरे पुल की तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना के बाद अब लोक निर्माण विभाग (PWD) और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं कि पुल निर्माण में हुई संभावित लापरवाही की जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।शहरवासियों का कहना है कि राजधानी में बने बड़े पुलों और फ्लाईओवर की नियमित जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Updates

Recent Comments