राजिम। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक रोहित साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री Chirag Paswan से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
विधायक साहू ने मंत्री गडकरी से मुलाकात में गरियाबंद जिले और राजिम क्षेत्र की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की। उन्होंने नेशनल हाईवे 130-सी के तहत पाण्डुका से मदांगमुड़ा तक 128 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया। साथ ही सिंधौरी से पटेवा बाईपास सड़क निर्माण को भी मंजूरी देने की मांग रखी।
इस दौरान उन्होंने मजरकटा से डोंगरीगांव तक फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में यातायात आसान होगा और व्यापार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
वहीं, विधायक साहू ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर गरियाबंद और राजिम क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कृषि और वन उत्पादों की भरपूर उपलब्धता है, जिससे फूड पार्क बनने पर किसानों को बेहतर कीमत मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा।दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने विधायक द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।विधायक की इस पहल से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।