रायपुर। राजधानी पुलिस ने गांजा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलघानी नाका के पास कुछ लोग बैग में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 4 पुरुष, 2 महिला और एक नाबालिग को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 22.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 11.22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।