राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) के रूप में हुई है। दोनों “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से युवकों को झांसा देकर ठगी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंटरनेट से युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पैसा लेने के बाद आरोपी संपर्क तोड़ देते थे।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 9 रजिस्टर जब्त किए। मोबाइल की जांच में 2286 युवतियों के फोटो मिले, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। बैंक खातों की जांच में पिछले एक साल में करीब 37.69 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया है।
मामले में थाना बसंतपुर में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की अपील:राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया पर मिलने वाले रिश्तों पर बिना जांच के पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।